मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहानजी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश राज्य सरकार ने ,एक ही दिन में [2 जुलाई ] 6.63 करोड़ से भी अधिक पौधारोपण कर विश्व कीर्तिमान स्थापित किया है। यह अभूतपूर्व उपलब्धि इसीलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि पौधारोपण पर्यावरण की रक्षा एवं आने वाली पीढ़ियों की खुशहाल ज़िंदगी के लिए अनिवार्य है। इन सभी पौधों की निरंतर देखभाल और संरक्षण, खास कर शुरूआती सालों में, केवल सरकार की ज़िम्मेदारी नहीं बल्कि हम सभी का उत्तरदायित्व है। यह रिकॉर्ड-तोड़ अभियान पूरे देश के लिए नहीं समूचे विश्व के लिए एक अनुकरणीय पहल है।
उल्लेखनीय है कि गिनीज बुक के अधिकारी गण इस पौधारोपण अभियान के साक्षी बने और बहुत जल्द ही विश्व रिकॉर्ड का प्रमाणपत्र हमें प्राप्त होगा।
इस अनूठी पहल में अपना योगदान देते हुए संस्था पुरुषार्थ ने भी बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया। देवगुराड़िया में नमामि देवी नर्मदे कार्यक्रम के अंतर्गत वृक्षारोपण का महाअभियान आयोजित किया गया जिसमें श्री उमाशंकर गुप्ता जी, राजस्व, विज्ञान और प्रोद्योगिकी मंत्री, म.प्र. शासन; IDA संचालक श्री शंकर लालवानी जी एवं कार्यकर्ताओं ने पौधे लगाए एवं पर्यावरण को सुन्दर बनाने हेतु अपना योगदान दिया। इस अभियान के तहत इंदौर और आस पास के क्षेत्रो में 18 लाख से भी अधिक पौधारोपण किया गया।
मैं मुख्यमंत्रीजी, राज्य सरकार एवं राज्य की जनता को बधाई देता हूँ और अभिनन्दन करता हूँ। आईये, हम सब मिल कर मध्यप्रदेश को एक महान “वृक्ष प्रदेश” बनाने की ओर कदम से कदम मिला कर चलने का प्रयत्न करें।